राजनांदगांव/खैरागढ़ , जून 19 -- खरीफ सीजन के दौरान यूरिया और डीएपी खाद की कमी को लेकर छत्तीसगढ़ में किसानों का आक्रोश शुक्रवार को खैरागढ़ जिले के विकासखंड के ग्राम पैलीमेटा में खुलकर सामने आया। पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध नहीं होने से नाराज किसानों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम किया और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी किसानों का कहना था कि खरीफ फसलों की बुवाई का महत्वपूर्ण दौर चल रहा है लेकिन खाद की उपलब्धता नहीं होने से कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि खाद वितरण केंद्रों में लगातार कमी बनी हुई है, जिसके कारण उन्हें बार-बार केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और समय पर खेती का काम पूरा करने में कठिनाई हो रही है।
किसानों का आंदोलन जिला पंचायत सदस्य निर्मला विजय वर्मा, जिला महामंत्री लाल रोहित सिंह पुलस्त्य तथा जिला सदस्य प्रेमलाल साहू के नेतृत्व में आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने खाद संकट के समाधान की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
आंदोलन को समर्थन देने खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा तथा पूर्व विधायक छन्नी साहू भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं और प्रशासन से खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा, "किसानों को खेती के लिए आवश्यक संसाधन समय पर मिलना चाहिए, ताकि उनकी फसल और उत्पादन प्रभावित न हो।"प्रदर्शन के दौरान किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही खाद की आपूर्ति सामान्य नहीं की गई और वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। किसानों का कहना है कि समय पर खाद नहीं मिलने से खरीफ फसलों की बुवाई प्रभावित होगी, जिसका सीधा असर उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित