राजनांदगांव/खैरागढ़ , जून 19 -- खरीफ सीजन के दौरान यूरिया और डीएपी खाद की कमी को लेकर छत्तीसगढ़ में किसानों का आक्रोश शुक्रवार को खैरागढ़ जिले के विकासखंड के ग्राम पैलीमेटा में खुलकर सामने आया। पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध नहीं होने से नाराज किसानों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम किया और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी किसानों का कहना था कि खरीफ फसलों की बुवाई का महत्वपूर्ण दौर चल रहा है, लेकिन खाद की उपलब्धता नहीं होने से कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि खाद वितरण केंद्रों में लगातार कमी बनी हुई है, जिसके कारण उन्हें बार-बार केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और समय पर खेती का काम पूरा करने में कठिनाई हो रही है।
किसानों का आंदोलन जिला पंचायत सदस्य निर्मला विजय वर्मा, जिला महामंत्री लाल रोहित सिंह पुलस्त्य तथा जनपद सदस्य प्रेमलाल साहू के नेतृत्व में आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने खाद संकट के समाधान की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित