चंडीगढ़ , जून 22 -- हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने प्रदेश में खाद और डीएपी की कमी को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि धान रोपाई और खरीफ फसलों की बुवाई के महत्वपूर्ण समय में किसान खाद के लिए भटक रहे हैं, जबकि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने में लगी हुई है।

श्री सिंह ने कहा कि हरियाणा के अधिकांश जिलों में खाद का स्टॉक या तो खत्म हो चुका है या किसानों की जरूरतों के मुकाबले बेहद कम है। किसान घंटों कतारों में खड़े रहने के बावजूद खाली हाथ लौट रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास यह बताने का भी स्पष्ट जवाब नहीं है कि खाद की नयी खेप कब पहुंचेगी और आपूर्ति सामान्य कब होगी।

कांग्रेस नेता ने कहा कि खाद संकट और वितरण व्यवस्था की खामियों को छिपाने के लिए सरकार भूमि रिकॉर्ड, बायोमैट्रिक सत्यापन और डिजिटल प्रक्रियाओं का सहारा ले रही है। इन प्रक्रियाओं के कारण किसानों को उपलब्ध सीमित खाद प्राप्त करने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि खाद के मौजूदा स्टॉक, वितरण व्यवस्था और नई खेप के आगमन को लेकर अस्पष्टता बनी हुई है, जिससे कालाबाजारी और मुनाफाखोरी को बढ़ावा मिल रहा है। श्री सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय केवल दावे और प्रचार करने में व्यस्त है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित