भोपाल , जुलाई 15 -- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने प्रदेश में खाद की कथित कमी, कालाबाजारी और नकली खाद की बिक्री के विरोध में 16 जुलाई से 24 घंटे की भूख हड़ताल करने की घोषणा की है।

पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति में आरोप लगाया गया है कि प्रदेश के किसान मानसून में देरी तथा राज्य सरकार की कथित किसान विरोधी नीतियों के कारण बीज और खाद के संकट का सामना कर रहे हैं। विज्ञप्ति में दावा किया गया है कि डीएपी और यूरिया की कमी के चलते किसानों को कालाबाजारी और नकली खाद का सामना करना पड़ रहा है।

माकपा ने मांग की है कि खाद की कालाबाजारी और नकली खाद के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जाए तथा किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए। पार्टी के अनुसार, यह 24 घंटे की भूख हड़ताल 16 जुलाई को दोपहर 12 बजे शुरू होकर 17 जुलाई को दोपहर 12 बजे समाप्त होगी। राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में पार्टी कार्यकर्ता और नेता इसमें भाग लेंगे। यह जानकारी माकपा के राज्य सचिव जसविंदर सिंह द्वारा जारी विज्ञप्ति में दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित