पटना , मार्च 28 -- िहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल(राजद) के प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि बिहार में चारो तरफ लूट मची हुई है और ऐसे हालात में खाद की किल्लत, कालाबाजारी और बीज में धांधली से किसान परेशान हैं।

श्री अहमद ने कहा कि बिहार सरकार में सत्ता की कवायद और मलाई खाने की लड़ाई चल रही है, जिसके कारण प्रदेश के किसान और मजदूरों के साथ आमजन बेहाल हैं।

राजद प्रवक्ता ने कहा कि बिहार में सत्ता के मद में सत्तारूढ़ दल के नेता जनता के हितों और बिहार के विकास के कार्यों को छोड़कर सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी में लगे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं को बिहार की बेहतरी से कोई लेना देना नही है और वह इस बात में लगे हुए है कि कैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह को खुश किया जाए।

श्री अहमद ने कहा कि बिहार के कृषि मंत्री भी केंद्रीय नेताओं को खुश करने में लगे हैं और उनको किसानो की कोई चिंता नही है। उन्होंने कहा कि बिहार में खाद की किल्लत और कालाबाजारी हो रही है। और अब बीज में भी धांधली की बातें सामने आ रही है और सरकार के मंत्री किसानों के हित में कोई कार्य नहीं कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित