भरतपुर , जुलाई 19 -- राजस्थान में करौली जिले के मंडरायल कस्बे में खाद की कमी से परेशान किसानों ने रविवार को पुलिस थाने के पास सड़क पर यातायात अवरुद्ध करके प्रदर्शन किया और खाद विक्रेताओं पर कालाबाजारी का आरोप लगाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किसानों का आरोप था कि लंबे समय से उन्हें पर्याप्त खाद नहीं मिल रही है। लगातार शिकायतों के बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। किसानों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में खाद की कृत्रिम कमी पैदा करके कुछ विक्रेता कालाबाजारी कर रहे हैं, जिससे उन्हें समय पर खाद नहीं मिल पा रही है।
उधर, प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच किसानों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और उच्च अधिकारियों से फोन पर वार्ता की। किसानों ने चेतावनी दी कि शीघ्र पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं करायी गयी और कालाबाजारी पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित