बुरहानपुर , अगस्त 25 -- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा दूध एवं दूध से निर्मित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर हर्ष सिंह के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेने के साथ बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुरहानपुर जलेबी एवं नमकीन सेंटर, इकबाल चौक से मावा एवं मावा जलेबी के नमूने लिए। वहीं बुरहानपुर जलेबी, रोशन चौक से मावा का नमूना लिया गया तथा संबंधित विक्रेता को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया।
इसी क्रम में मदीना मिल्क डेयरी से गोकुल स्वीट्स का नमूना लिया गया तथा अनुमानित 75 हजार रुपये कीमत का 420 किलो मावा जब्त किया गया। संबंधित प्रतिष्ठान को धारा 32 के तहत नोटिस भी जारी किया गया। शालीमार इंटरप्राइजेज, सिंधी बस्ती से 50 किलो क्रीम जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 18 हजार रुपये है। यहां से क्रीम, पनीर और मावा के नमूने भी लिए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश डावर ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं नियम 2011 के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच एवं कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित