अलवर , सितम्बर 10 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा के खाद्य सुरक्षा विभाग के दल ने गुरुवार को चिकानी बस स्टैंड, बहादुरपुर, तहसील किशनगढ़ बास क्षेत्र में तीन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए खाद्य पदार्थों के नमूने लिये।
यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अरविंद गेट के दिशा-निर्देश में की गयी। जिला नोडल अधिकारी खाद्य सुरक्षा विभाग हेमंत कुमार यादव ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर विभाग के दल ने चिकानी स्टैंड स्थित प्रमुख प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान मेसर्स सैनी मिष्ठान भंडार एवं झिलमिल मिष्ठान भंडार से दूध एवं चीनी से निर्मित दूध पाक के नमूने लिये गये। भगत जी चाट एवं मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई एवं बर्फी का नमूना लिया गया। निरीक्षण के दौरान भगत जी चाट एवं मिष्ठान भंडार पर साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। मौके पर करीब 45 किलोग्राम पुरानी, दूषित एवं बदबूदार मिठाई पायी गयी, जिसे विभाग के दल ने नियमानुसार मौके पर ही नष्ट करवाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित