बुरहानपुर , अगस्त 26 -- मध्यप्रदेश में बुरहानपुर कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए दूध, मावा और मिठाई विक्रय करने वाले प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भोपाल भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट में नमूने अवमानक पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं नियम, 2011 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के तहत बुधवार को संगम होटल, डोईफोडिया से मावा, पनीर और घी के नमूने लिए गए तथा अनुमानित 32 हजार रुपए कीमत का 100 किलोग्राम मावा जब्त किया गया।
इसी क्रम में भगवती बीकानेर स्वीट्स, खकनार से मावा, कैलाश होटल, खकनार से मावा पेड़ा, सदगुरु होटल से मावा, श्री महाकाल होटल एवं रेस्टोरेंट, देड़तलाई से मावा रोल एवं नमकीन तथा श्री खेतेश्वर बीकानेर स्वीट्स से मिल्क केक और मावा के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए भेजा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित