भीलवाड़ा , फरवरी 27 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा और जहाजपुर क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा दल ने होली के अवसर पर मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाते हुए शुक्रवार को तीन अलग-अलग प्रतिष्ठानों से नमूने लिए और भारी मात्रा में संदिग्ध मिठाई को जब्त किया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव के नेतृत्व में गठित दल ने शाहपुरा स्थित 'मेसर्स विनायक बीकानेरी रसगुल्ला फैक्ट्री' पर छापा मारा। यहां केसरबाटी की गुणवत्ता संदिग्ध पाये जाने पर नमूने लिए गये और मौके पर मौजूद करीब 100 टिनों में भरी करीब 1600 किलोग्राम केसरबाटी को जांच रिपोर्ट आने तक के लिए सीज कर दिया गया। इसके अलावा जहाजपुर के 'मेसर्स मालवा मिष्ठान भंडार' (पंडेर) से बर्फी और 'मेसर्स श्री जोधपुर मिष्ठान भंडार' से गुलाब जामुन के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गये हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि त्योहारी सीजन में शुद्ध खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए अजमेर स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित