अलवर , अक्टूबर 08 -- राजस्थान के अलवर जिले में चलाये जा रहे 'शुद्ध आहार-मिलावट पर वार' अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों को सुरक्षित भोजन, संतुलित आहार और स्वस्थ खान-पान के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इसी कड़ी में 16 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक हैप्पी स्कूल, कंपनी गार्डन के सामने, अलवर में अंतर-विद्यालय खाद्य सुरक्षा जागरूकता प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. योगेन्द्र कुमार शर्मा ने गुरुवार को बताया कि प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं और उससे ऊपर के विद्यार्थी विद्यालय की टीम के रूप में शामिल हो सकेंगे। एक टीम में न्यूनतम पांच और अधिकतम 15 विद्यार्थी शामिल होंगे।
प्रतियोगिता में 'स्वस्थ भोजन की थाली' और 'पैकेटबंद खाद्य पदार्थों के लेबल को पढ़ना और समझना' विषय पर नारे लिखने की प्रतियोगिता आयोजित होगी। सर्वश्रेष्ठ समग्र प्रदर्शन करने वाले विद्यालय को विजेता ट्रॉफी दी जाएगी, जबकि अन्य उत्कृष्ट विद्यालयों को भी सम्मानित किया जाएगा और सभी सहभागी विद्यालयों को प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित