पटना , अक्टूबर 24 -- म लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिहार सरकार का खाद्य संरक्षा विभाग राज्यभर में निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चला रहा है।स्वास्थ्य मंत्री निशांत के निर्देश पर खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण, रसोई की स्वच्छता, खाद्य संरक्षा मानकों के अनुपालन और वैध लाइसेंस की जांच की जा रही है। इस अभियान में राजधानी पटना के प्रमुख होटल, रेस्तरां, मिठाई प्रतिष्ठान, खाद्य निर्माण इकाइयां और पैकेज्ड पेयजल से जुड़े कारोबार विशेष रूप से जांच के दायरे में हैं।

अब तक राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 531 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इनमें पटना में सर्वाधिक 87 निरीक्षण दर्ज किए गए। इसी अवधि के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों से संबंधित कार्रवाई में दो प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए तथा 15 प्रतिष्ठानों के विरुद्ध अभियोजन दायर किया गया। मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार के नोटिस भी जारी किए गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने स्पष्ट किया है कि खाद्य संरक्षा से जुड़े मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, गुणवत्तापूर्ण सामग्री और वैध लाइसेंस से संबंधित सभी नियमों का पालन करना होगा। अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित