जांजगीर-चांपा , जनवरी 16 -- छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में खाद्य विभाग ने धान से जुड़ी अनियमितताओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नेगुडीह गांव स्थित एक राइस मिल पर छापेमारी कर भारी मात्रा में धान जब्त किया है।
विभाग की ओर से की गयी कार्रवाई के दौरान धान के भंडारण और रिकॉर्ड में गंभीर विसंगतियां सामने आईं, जिसके बाद विभाग ने भारी मात्रा में धान जब्त किया है।
खाद्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को श्री हरि राइस मिल का औचक निरीक्षण किया, जहां मिल के दस्तावेजों और भौतिक भंडारण में अंतर पाया गया। जांच में स्पष्ट हुआ कि मिल परिसर में मौजूद धान का सही संधारण रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। इसके चलते मौके से कुल 56 हजार 417 बोरी धान, जिसका वजन लगभग 22 हजार 566 क्विंटल आंका गया है, जब्त किया गया। जब्त धान की अनुमानित कीमत करीब सात करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जिला खाद्य अधिकारी कौशल साहू ने बताया कि कलेक्टर जनमेजय महोबे के निर्देशानुसार जिले में कस्टम मिलिंग, अवैध धान संग्रहण और अनियमित संचालन के मामलों पर सख्त नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में की गई जांच में राइस मिल संचालन में नियमों की अनदेखी उजागर हुई, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए कोचियों, बिचौलियों और राइस मिलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसके लिए राजस्व, खाद्य, मंडी और सहकारिता विभाग की संयुक्त टीम गठित कर नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण किए जा रहे हैं। नियमों के उल्लंघन पर संबंधितों के खिलाफ कठोर कदम उठाने के निर्देश हैं।
कार्रवाई के समय राइस मिल के संचालक झामलाल साहू मौके पर मौजूद थे। मामले में आगे की जांच प्रक्रिया जारी है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित