राजनांदगांव , मार्च 18 -- केंद्र सरकार द्वारा खाद्य लाइसेंस को आजीवन मान्यता देने के निर्णय का कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) जिला राजनांदगांव इकाई ने स्वागत करते हुए इसे व्यापारियों के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है।

कैट का कहना है कि यह निर्णय लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करने के साथ ही व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

कैट के प्रदेश संरक्षक अनिल बरडिया ने कहा कि अब तक खाद्य लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए व्यापारियों को बार-बार कागजी कार्यवाही और विभागीय प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। आजीवन मान्यता मिलने से इन समस्याओं से राहत मिलेगी और व्यापारी अपने व्यवसाय के विस्तार पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।

व्यापारियों ने यह भी माना कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लिया गया यह निर्णय 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' को जमीनी स्तर पर मजबूत करेगा। विशेष रूप से छोटे और मध्यम वर्ग के खाद्य कारोबारियों के लिए यह कदम काफी लाभकारी सिद्ध होगा, जिससे अनावश्यक प्रशासनिक दबाव कम होगा और व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी।

कैट की जिला इकाई ने इस मांग को प्रमुखता से उठाने के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व - बी.सी. भरतिया, सुनील सिंघी, अमर परवानी और प्रवीण खंडेलवाल की सराहना की है। साथ ही व्यापारियों ने 'धन्यवाद मोदी जी' अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार के प्रति आभार भी प्रकट किया।

इस अवसर पर कैट के प्रदेश संरक्षक अनिल बरडिया, जिला अध्यक्ष राजू डागा सहित संजय तेजवानी, भावेश अग्रवाल, अशोक पांडे, लक्ष्मण लोहिया, अमित खंडेलवाल, संजय लड्ढा, सागर चितलांगिया, सूरज बुद्धदेव, आलोक बिंदल एवं प्रतीक अग्रवाल सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।

कैट के मीडिया प्रभारी लक्ष्मण लोहिया ने कहा कि सरकार और व्यापारिक संगठनों के बीच इस प्रकार का समन्वय अर्थव्यवस्था को नई गति देने में सहायक साबित होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित