नयी दिल्ली , सितंबर 30 -- भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ने खाद्य वस्तुओं के सुरक्षित और टिकाऊ भंडारण के लिए वैकल्पिक 'फ्यूमिगेशन' (धूमन) तकनीकों पर शोध के लिए बुधवार को सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये।
उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के तहत खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग (डीएफपीडी) समर्थित दो वर्ष की इस 'फेज-I' परियोजना को लुधियाना स्थित आईसीएआर-केंद्रीय कटाई-उपरान्त अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सीआईपीएचईटी) द्वारा क्रियान्वित किया जायेगा।
एमओयू पर आईसीएआर-सीआईपीएचईटी के निदेशक डॉ. नचिकेत कोटवालीवाले और एफसीआई के कार्यकारी निदेशक (गुणवत्ता नियंत्रण) डॉ. ए.के. सिन्हा ने दस्तखत किये।
इस दौरान कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (डेयर) के सचिव एवं आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. एम. एल. जाट सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और वैज्ञानिक मौजूद रहे।
इस परियोजना के तहत पंजाब में एफसीआई के भंडारण स्थलों पर वैकल्पिक फ्यूमिगेशन तकनीकों का वैज्ञानिक परीक्षण किया जायेगा। इसमें गैस के विभिन्न संयोजन जैसी नियंत्रित एवं संशोधित वायुमंडलीय तकनीकों पर ध्यान केंद्रित किया जायेगा।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक रासायनिक फ्यूमिगेशन के वैज्ञानिक रूप से मान्य और टिकाऊ विकल्प विकसित करना है, जिससे श्रमिकों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव, पर्यावरणीय नुकसान और खाद्यान्न में रसायन के अवशेषों से जुड़ी चिंताओं का समाधान किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित