पटना , जनवरी 20 -- पटना के गांधी मैदान स्थित खादी मॉल और बिहार संग्रहालय में अब जेल में सजा काट रहे बंदियों के निर्मित उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।

इसकी संयुक्त रूप से जानकारी मंगलवार को गृह सचिव सह कारा महानिदेशक प्रणव कुमार और बिहार के पूर्व मुख्य सचिव और बिहार संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह ने दी।

इस अवसर पर गृह सचिव प्रणव कुमार ने खादी मॉल में 'मुक्ति' ब्रांड के उत्पादों का शुभारंभ करते हुये कहा कि जेल के भीतर बंदियों द्वारा तैयार की गई सामग्रियों को बाजार उपलब्ध कराना समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को सहयोग देने की एक सार्थक पहल है। उन्होंने बताया कि इन उत्पादों की बिक्री से प्राप्त राशि का लाभ मेहनत करने वाले बंदियों, कारा कर्मियों और पीड़ित परिवारों को भी मिलेगा।

वहीं अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि जेल बंदियों द्वारा तैयार हस्तशिल्प उत्पादों की गुणवत्ता काफी अच्छी है और बिहार संग्रहालय की दुकान के माध्यम से ये घर- घर तक पहुंचेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में और भी बेहतर उत्पाद उपलब्ध कराये जायेंगे।

कार्यक्रम में गृह विभाग के अपर सचिव संजीव जमुआर, डीआईजी जवाहर लाल प्रभाकर, संयुक्त सचिव विनोद कुमार दास समेत कई वरीय अधिकारी और कर्मी भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित