नयी दिल्ली , जून 25 -- ईरान के तेल मंत्री मोहसिन पाकनेजाद ने कहा है कि पश्चिम एशिया में स्थायी स्थिरता और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति की सुरक्षा तभी हासिल की जा सकती है, जब क्षेत्र से विदेशी बलों की वापसी हो और अमेरिकी सैन्य ठिकानों को खत्म किया जाए।

श्री पाकनेजाद ने गुरुग्राम में आयोजित 11वीं ब्रिक्स ऊर्जा मंत्रियों की बैठक में कहा कि ईरान सुरक्षित और किफायती ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ब्रिक्स सदस्यों के बीच ऊर्जा सहयोग को मजबूत करने में सक्रिय और रचनात्मक भूमिका निभाने के लिए तैयार है। उन्होंने ईरान के खिलाफ हाल ही में अमेरिका-इजरायल के युद्ध के दौरान देश के तेल, गैस, रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों का जिक्र करते हुए इसे वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के खिलाफ एक 'अंधा युद्ध' बताया। उन्होंने कहा कि इन हमलों के कारण बुनियादी ढांचों को नुकसान पहुंचा, तेल उद्योग के कर्मचारियों की जान गयी, पर्यावरणीय क्षति हुई, आपूर्ति श्रृंखला बाधित हुई और फारस की खाड़ी क्षेत्र में हजारों परिवारों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित