चेन्नई , अक्टूबर 19 -- दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे पूर्व की ओर बढ़ते हुए आज सुबह साढ़े पांच बजे से उसी क्षेत्र में बना हुआ है लेकिन इसके भारतीय क्षेत्र को प्रभावित करने के आसार नहीं है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान इसके उसी क्षेत्र में तीव्र होने की संभावना है। इसके शुरुआत में पूर्व-उत्तरपूर्व की ओर बढ़ने, धीरे-धीरे दिशा बदलकर उत्तर-पश्चिम की ओर मुड़ने और अगले दो से तीन दिनों के दौरान सोमालिया तट की ओर बढ़ने की संभावना है। विभाग ने कहा कि इस मौसम प्रणाली का भारतीय क्षेत्र पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

मौसम विभाग के अनुसार इसके प्रभाव से अगले 12 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम अरब सागर में 35-45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और इनके झोंकों की गति 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

हवा की गति धीरे-धीरे बढ़ने के आसार हैं। वहीं, 19 अक्टूबर की शाम से 23 अक्टूबर तक दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के साथ-साथ उत्तरी सोमालिया तट और सोकोट्रा द्वीपसमूह के आसपास 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और इनके झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की प्रबल संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित