चेन्नई , अक्टूबर 18 -- दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के ऊपर रविवार को कम दबाव का क्षेत्र बन गया और अगले 24 घंटों के दौरान इसके और स्पष्ट होने के आसार हैं। इससे तमिलनाडु में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। इस बीच, राज्य में उत्तर-पूर्वी मानसून सक्रिय बना हुआ है।

मौसम विभाग ने बताया कि तमिलनाडु के अधिकांश स्थानों के साथ-साथ पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में भी बारिश हुई। चेन्नई जिले के पैरीज़ में रविवार सुबह 8.30 बजे तक, पिछली शाम से सबसे अधिक 363.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी।

मौसम विभाग के अनुसार, लक्षद्वीप से कर्नाटक और दक्षिण आंध्र प्रदेश होते हुए पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक समुद्र तल से औसतन 1.5 से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक द्रोणिका बनी हुई है। वहीं, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और उसके आसपास के क्षेत्र में औसत समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है।

दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के ऊपर बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से रविवार को इसी क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। अगले 24 घंटों के दौरान इसके और स्पष्ट होने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण आंध्र प्रदेश तथा तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों के ऊपर शनिवार को बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण अब भी कायम है। यह औसत समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तृत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित