बैतूल , जुलाई 12 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई नगर स्थित खाटू श्याम हवेली मंदिर में अज्ञात बदमाशों ने दान पेटियों से नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार शनिवार देर रात बदमाश मंदिर परिसर में दाखिल हुए और सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों के तार काटकर निगरानी व्यवस्था को निष्क्रिय कर दिया। इसके बाद वे तीन दान पेटियां उठाकर मंदिर के पीछे स्थित खेत में ले गए, जहां उन्हें तोड़कर उनमें रखी नकदी निकालकर फरार हो गए।

रविवार सुबह मंदिर प्रबंधन को घटना की जानकारी लगी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मंदिर के पीछे खेत में टूटी हुई दान पेटियां बरामद हुईं। मंदिर से जुड़े श्रद्धालु युगल किशोर शर्मा ने बताया कि तीनों दान पेटियों में लगभग 50 हजार रुपये की नकदी होने का अनुमान है।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित