बड़वानी , अप्रैल 3 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में खाई में गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में तीन आदिवासी युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पहली घटना पाटी थाना क्षेत्र के गोलगांव के पास बिलियापानी घाट पर हुई, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। पाटी थाना प्रभारी रामदास यादव ने बताया कि वाहन बड़वानी से सेमलेट लौट रहा था और प्रारंभिक जांच में चालक को नींद आने अथवा नियंत्रण खोने को हादसे का कारण माना जा रहा है।
हादसे में सकरिया (42) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक एवं वाहन मालिक इकराम (32) ने पाटी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं बियालाल और भांगा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया गया है। सभी घायल और मृतक सेमलेट गांव के निवासी बताए गए हैं, जो एक बीमार परिजन को अस्पताल लाने के बाद लौट रहे थे।
दूसरी घटना सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र के मोरदड़ गांव में हुई, जहां शांतिलाल की खाई में गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार वह हाल ही में ट्रैक्टर और कृषि उपकरण खरीदकर मंदिर दर्शन के लिए गया था और लौटते समय संतुलन बिगड़ने से वाहन सहित खाई में गिर गया। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है तथा पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित