धार , मई 06 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के खलघाट टोल नाके पर 7 मई को किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा चक्काजाम आंदोलन किया जाएगा। मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रस्तावित यह प्रदर्शन सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा, जिसे देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

नवागत पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने सभास्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। हाईवे की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है तथा यातायात सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों पर भी विचार किया जा रहा है।

प्रशासन के अनुसार इस आंदोलन में धार के अलावा खरगोन, खंडवा और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की भी जानकारी है। आंदोलन फसल के उचित मूल्य, कर्ज माफी और समर्थन मूल्य की गारंटी जैसी मांगों को लेकर किया जा रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने धामनोद थाने में कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रूपरेखा पर चर्चा की। पुलिस ने एम्बुलेंस, बुजुर्गों और बच्चों जैसे आपातकालीन यात्रियों के लिए मार्ग खुला रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही पार्किंग और धरना स्थल भी चिन्हित किए गए हैं।

प्रदर्शन के दौरान पांच एसडीओपी, एक दर्जन थाना प्रभारी सहित करीब 250 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा एसएएफ की दो कंपनियों की मांग की गई है। एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की भी व्यवस्था टोल परिसर में की गई है, जबकि प्रशासन की ओर से एसडीएम और तहसीलदार की ड्यूटी लगाई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित