नयी दिल्ली , मई 13 -- केंद्र सरकार ने विपणन वर्ष 2026 -27 की खरीफ फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की घोषणा करते हुए सामान्य धान का भाव बढ़ाकर 2,441 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है, जबकि धान (ग्रेड-ए) के लिए यह दर 2,461 रुपये निर्धारित की गई है।

केंद्रीय मंत्री अश्चिनी वैष्णव ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने खरीफ की दूसरी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य के बारे में कहा कि सरकार ने इस बार तिलहन और दलहन फसलों पर विशेष ध्यान दिया है।

सरकार ने सूरजमुखी के बीज में सबसे अधिक 622 रुपये प्रति क्विंटल की भारी वृद्धि की है, जिससे इसकी नयी कीमत 8,343 रुपये हो गई है। इसी तरह, कपास (मीडियम स्टेपल) की एमएसपी में 557 रुपये की बढ़ोतरी के साथ इसे 8,267 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है।

तुअर (अरहर) की एमएसपी में भी 450 रुपये की महत्वपूर्ण वृद्धि की गई है, जिससे अब यह 8,450 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गई है। मूंग की नई एमएसपी 8,780 रुपये प्रति क्विंटल कर दी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित