जयपुर , जुलाई 30 -- राजस्थान में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2026 के लिए फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 16 अगस्त कर दिया गया है।

कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने बताया कि इससे अब हजारों किसानों को अपनी फसलों का बीमा कराने का अतिरिक्त समय मिलेगा। इससे पहले बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई हैं।

श्री गोयल ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए राज्य सरकार ने योजना के सफल संचालन हेतु चार बीमा कंपनियों का चयन किया है, जो विभिन्न जिलों में किसानों को बीमा सुविधा उपलब्ध कराएंगी। किसान 16 अगस्त तक राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल, निकटतम बैंक, सहकारी समिति, कॉमन सर्विस सेंटर अथवा अन्य अधिकृत वित्तीय संस्थानों के माध्यम से अपनी खरीफ फसलों का बीमा करा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि गैर-ऋणी किसानों के लिए एग्रीस्टैक आईडी अनिवार्य है। साथ ही योजना के तहत किसान 14 अगस्त तक अपनी बीमित फसल के नाम में आवश्यक संशोधन करवा सकते हैं। वहीं जो किसान योजना से बाहर होना चाहते हैं, वे नौ अगस्त तक संबंधित वित्तीय संस्था में घोषणा-पत्र प्रस्तुत कर योजना से बाहर होने का विकल्प चुन सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित