नयी दिल्ली , अगस्त 17 -- चालू खरीफ बुवाई सत्र में धान, दलहन, तिलहन, कपास और गन्ने की की बुवाई की रफ्तार पिछले साल की तुलना में धीमी है।
कृषि मंत्रालय की सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, खरीफ के धान की बुवाई-रोपाई का रकबा 379.07 लाख हेक्टेयर तक पहुंचा है जो पिछले वर्ष इसी अवधि में के 393.44 लाख हेक्टेयर से 14.37 लाख हेक्टेयर कम है।
धान की बुवाई में सबसे अधिक पीछे चल रहे प्रदेशों में कर्नाटक में रकबा 2.86 लाख हेक्टेयर कम है। झारखंड में 2.26 लाख हेक्टेयर, महाराष्ट्र में 2.25 लाख हेक्टेयर और ओडिशा में 2.09 लाख हेक्टेयर बुवाई कम है। मध्य प्रदेश (1.64 लाख हेक्टेयर), तेलंगाना (1.49 लाख हेक्टेयर) तमिलनाडु (1.17 लाख हेक्टेयर), आंध्र प्रदेश (1.14 लाख हेक्टेयर), गुजरात (0.83 लाख हेक्टेयर), पश्चिम बंगाल (0.87 लाख हेक्टेयर), उत्तर प्रदेश (0.58 लाख हेक्टेयर) और बिहार में रकबा (0.52 लाख हेक्टेयर) कम है।
असम में पिछले साल की तुलना में धान का रकबा 3.93 लाख हेक्टेयर और उत्तराखंड में 0.35 लाख हेक्टेयर अधिक हो गया है।
दलहनों की बुवाई लगभग 108.14 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में है जो पिछले वर्ष इसी अवधि के 108.49 लाख हेक्टेयर से 35 हजार हेक्टेयर कम है। प्रमुख उत्पादक राज्य कर्नाटक में दलहनों का रकबा 4.16 लाख हेक्टेयर और महाराष्ट्र में 2.70 लाख हेक्टेयर कम है। ओडिशा, बिहार और तमिलनाडु में भी बुवाई कम हुई है। इसके विपरीत उत्तर प्रदेश में दलहनों की बुवाई का रकबा पिछले साल से 4.25 लाख हेक्टेयर ज्यादा है। राजस्थान, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और मध्य प्रदेश में भी इसका रकबा बढ़ा है।
विज्ञप्ति के अनुसार, श्रीअन्न एवं मोटे अनाजों की बुवाई का क्षेत्र 172.96 लाख हेक्टेयर तक पहुंचा है जो पिछले साल से 4.17 लाख हेक्टेयर कम है। कर्नाटक और महाराष्ट्र में बुवाई अधिक प्रभावित हुई हे। हरियाणा, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और गुजरात में भी मोटे अनाजों की बुवाई की गति धीमी है। इसके विपरीत राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और ओडिशा, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में पिछले साल से अधिक बुवाई हुई है।
तिलहन का रकबा 184.46 लाख हेक्टेयर पहुंचा है जो पिछले साल के अब तक के 185.36 लाख हेक्टेयर से 89 हजार हेक्टेयर कम है। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, ओडिशा और तमिलनाडु में तिलहनों की बुवाई ज्यादा प्रभावित हुई है।
गन्ने की बुवाई लगभग 58.31 लाख हेक्टेयर क्षेत्र तक पहुंची है जो पिछले साल के इसी समय से 0.31 लाख हेक्टेयर कम है। यह कमी मुख्य रूप से उत्तराखंड (0.20 लाख हेक्टेयर), महाराष्ट्र (0.14 लाख हेक्टेयर), पंजाब (0.14 लाख हेक्टेयर) और मध्य प्रदेश (0.12 लाख हेक्टेयर) के कारण है।
जूट एवं मेस्ता की बुवाई लगभग 6.34 लाख हेक्टेयर पर पहुंची है जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 6.23 लाख हेक्टेयर था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित