कोलकाता , जून 19 -- पश्शचिम बंगाल की राजध्रानी कोूलकाता में नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को बिजली गिरने से ग्राउंड स्टाफ के दो सदस्य घायल हो गये तथा शहर और आस-पास के जिलों में भारी बारिश और गरज के साथ तूफान के असर से हवाई अड्डे पर उड़ानों का संचालन भी प्रभावित हुआ।
हवाई अड्डे के सूत्रों के अनुसार, यह घटना तब हुई जब ग्राउंड स्टाफ के कर्मचारी एमिरेट्स के एक विमान से माल उतारने के काम में लगे हुए थे। इसी दौरान बिजली गिरने से हवाई अड्डे पर दो कर्मचारी घायल हो गये। घायल कर्मचारियों को हवाई अड्डा अधिकारियों ने तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध करायी।
सूत्रों ने बताया कि दोनों घायल कर्मचारियों की स्थिति अब स्थिर है। उनमें से एक को तुलनात्मक रूप से ज्यादा गंभीर चोटें आयी हैं। खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। बेंगलुरु से कोलकाता जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान को कोलकाता के ऊपर असुरक्षित मौसम की स्थिति के कारण ऐहतियाती तौर पर भुवनेश्वर की ओर मोड़ दिया गया।
हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया था।
सूत्रों ने बताया कि कम दृश्यता और प्रतिकूल मौसम के कारण कई अन्य उड़ानों में देरी हुई। हवाई अड्डा अधिकारी यात्रियों की असुविधा को कम करने के लिए एयरलाइनों के साथ समन्वय किया और स्थिति पर बारीकी से नजर बनाकर रखी।
लगातार हो रही बारिश से हवाई अड्डे की ओर जाने वाली कई मुख्य सड़कों पर पानी जमा हो गया। इससे वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई। उड़ान पकड़ने के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को इससे कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने बताया कि जलभराव की वजह से हवाई अड्डे तक पहुंचने में अधिक समय लगा।
मौसम विभाग ने कोलकाता और पड़ोसी जिलों सहित दक्षिण बंगाल के कुछ हिस्सों में गरज के साथ भारी बारिश का अनुमान जताया है। अधिकारियों ने लोगों को सलाह दी है कि वे तेज बिजली चमकने की अवधि के दौरान सतर्क रहें और गरज के साथ तूफान आने पर खुले क्षेत्रों में जाने से बचें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित