रायगढ़ , अक्टूबर 22 -- छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के खरसिया स्थित मीना बाजार में बुधवार को आकाश झूले से गिरने के कारण एक युवक की मौत हो गई।

मृतक की पहचान पठान पारा निवासी नकुल निषाद के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ मेला घूमने आया था।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार घटना खरसिया थाना क्षेत्र की है जहां मीना बाजार में आकाश झूले के संचालन के दौरान अचानक झटका लगा, जिसके बाद नकुल निषाद नीचे गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार मेले में झूले की सुरक्षा और संचालन के तरीके को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं। इसके बावजूद हुए इस हादसे ने झूले के संचालन और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस का ये भी कहना है कि युवक शराब के नशे में था और झूले के ऊपर नाच रहा था। पुलिस के मुताबिक इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। हालांकि, घटना के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

हादसे के बाद परिजनों ने झूला संचालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की शिकायत खरसिया चौकी में दर्ज कराई गई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित