खरड़ , मई 18 -- पंजाब में खरड़ के शिवालिक सिटी सेक्टर-127 में सोमवार एक घरेलू नौकर ने अपनी मालकिन पर बेलन से हमला कर घर में लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। घायल महिला की पहचान शुभनम अंसारी के रूप में हुई है, जो आयुर्वेदिक क्लीनिक चलाती हैं।
जानकारी के अनुसार आरोपी हीरा लाल उर्फ हैरी, निवासी बिहार , कुछ दिन पहले ही घर में काम पर रखा गया था। वह घर की दूसरी मंजिल पर बने सर्वेंट रूम में रहता था। पीड़िता के पति इमाम साबिर ने बताया कि रोजाना की तरह वह आज सुबह करीब छह बजे जिम के लिए घर से निकले थे, जबकि उनकी पत्नी कमरे में सो रही थीं।
आरोप है कि पति के घर से निकलते ही आरोपी नीचे आया और रसोई से बेलन उठाकर बेडरूम में पहुंच गया। वहां उसने सो रही महिला के सिर पर बेलन से 50 से अधिक वार किए। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके सिर पर करीब 65 टांके लगाए गए हैं।
वारदात के बाद आरोपी घर में रखे करीब तीन लाख रुपये नकद, 12 तोले सोना, चांदी के जेवरात और दो मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित