खरगोन , अक्टूबर 24 -- मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के मंडलेश्वर थाना क्षेत्र के भकलाय गांव में शनिवार दोपहर विवादित जमीन का सीमांकन करने गए राजस्व अमले पर हमला कर दिया गया। घटना में पटवारी और राजस्व निरीक्षक घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।

मंडलेश्वर एसडीओपी श्वेता शुक्ला के अनुसार, जमीन के लंबे समय से चले आ रहे विवाद के संबंध में जितेंद्र परमार की शिकायत पर राजस्व दल सीमांकन करने पहुंचा था। दल में आरआई अभिषेक जमरा, पटवारी राजा कुमार और वाहन चालक शामिल थे। मंडलेश्वर से करीब 20 किलोमीटर दूर पहाड़ी क्षेत्र में स्थित गांव में सीमांकन के दौरान विवादित जमीन पर कब्जे को लेकर चार लोगों से जुड़े लोगों ने राजस्व अधिकारियों को घेर लिया और लाठियों से मारपीट की। घटना के दौरान जितेंद्र परमार और उनका परिवार भी डर कर वहां से भाग गया ।

वाहन चालक ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की सूचना दी। इसके बाद एसडीएम पूर्वा मंडलोई, तहसीलदार और अन्य राजस्व अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी। मंडलेश्वर थाना प्रभारी पंकज तिवारी पुलिस बल के साथ पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस के अनुसार, मौके पर घरों में महिलाएं ही मिलीं।

पुलिस ने शनिवार रात पन्नालाल, नादान सिंह, नारायण और बलवंत सहित 15 अन्य लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और बलवा समेत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। थाना प्रभारी तिवारी के अनुसार, आरोपियों की तलाश की जा रही है। नामजद चारों आरोपी विवादित जमीन के कुछ हिस्से पर कई वर्षों से खेती भी कर रहे थे।

घटना के बाद मंडलेश्वर के सरकारी अस्पताल में पटवारियों की एसडीएम पूर्वा मंडलोई और एसडीओपी श्वेता शुक्ला से तीखी बहस हुई। पटवारियों ने आरोप लगाया कि एसडीएम करीब एक घंटे तक मौके पर मौजूद रहीं, लेकिन इस दौरान पुलिस नहीं पहुंची। उन्होंने चेतावनी दी कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर वे काम बंद कर देंगे।

तहसीलदार कैलाश सस्त्या ने बताया कि संबंधित जमीन के सीमांकन के आदेश हाल ही में जारी किए गए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित