खरगोन , अगस्त 29 -- मध्य प्रदेश के खरगोन जिला मुख्यालय में निजी स्कूल शिक्षिका नीलोफर की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति नईम खान फतेह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। महिला की मौत को शुरुआत में आत्महत्या माना जा रहा था लेकिन शव को कब्र से निकालकर कराए गए पोस्टमार्टम में गंभीर चोटों के साथ सिगरेट से जलाने के निशान मिलने के बाद जांच की दिशा बदल गई।
खरगोन कोतवाली थाना प्रभारी बीएल मंडलोई ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर नईम खान फतेह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में महिला के प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या करने की आशंका थी लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उसकी आठ वर्षीय बेटी के बयान से हत्या का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, नीलोफर की 15 अगस्त को मौत हुई थी। ससुराल पक्ष का कहना था कि उसने जहरीला पदार्थ खा लिया था और निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर ले जाते समय उसकी मौत हो गई। परिजनों से कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने के बाद शव को बिना पोस्टमार्टम कराए दफना दिया गया था।
नीलोफर के मायके वालों को मामले में संदेह हुआ और उन्होंने अधिकारियों से शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए उसे कब्र से निकलवाने की मांग की। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के आदेश पर 16 अगस्त को शव को कब्र से निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
थाना प्रभारी मंडलोई ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नीलोफर की तिल्ली फटने की बात सामने आई, जिसे गंभीर मारपीट के कारण हुई चोट से जोड़ा गया है। रिपोर्ट में उसके शरीर पर सिगरेट से जलाए जाने के निशान भी मिले हैं। पेट में जहरीला पदार्थ भी पाया गया, जिससे कई अंगों को नुकसान पहुंचा था।
जांच के दौरान पुलिस ने कई लोगों के बयान दर्ज किए। इनमें दंपती की आठ वर्षीय बेटी का बयान भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, बच्ची ने बताया कि उसकी मां को उसके पिता मौत से पहले करीब चार दिनों तक बुरी तरह पीटा था ।
पुलिस के अनुसार, नईम को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। उसे पता चला था कि नीलोफर की बड़वानी जिले के सेंधवा निवासी एक व्यक्ति से फोन पर बातचीत होती थी। पुलिस ने बताया कि नीलोफर का मोबाइल फोन और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी गायब है।
नीलोफर और नईम की शादी नौ साल पहले हुई थी। दोनों की यह दूसरी शादी थी। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें आठ साल की बेटी और चार साल का बेटा है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित