खरगोन , मार्च 28 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के भीलगांव में बायो कॉटन व्यवसायी के घर पर गोलीबारी और 10 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार 16 मार्च को अज्ञात बदमाशों ने व्यवसायी दिलीप राठौर के घर के बाहर फायरिंग की थी। इसके बाद उन्हें और उनके पुत्र को व्हाट्सएप के माध्यम से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगते हुए वॉयस कॉल और संदेश भेजे गए थे।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। जांच प्रभावित न हो, इसलिए आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

इधर, व्यवसायी दिलीप राठौर ने पूरे घटनाक्रम में बड़े षड्यंत्र का आरोप लगाते हुए कसरावद में पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने एक प्रभावशाली व्यक्ति को मुख्य साजिशकर्ता बताते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

खरगोन पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा के अनुसार मामले की विस्तृत जांच के लिए राज्य स्तर पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है, क्योंकि इसी प्रकार के प्रकरण प्रदेश के अन्य जिलों में भी सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस के पास पर्याप्त साक्ष्य हैं और शीघ्र ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित