खरगोन , जून 20 -- मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 12 देशी पिस्टल और आठ मैगजीन जब्त की हैं। पुलिस अब हथियारों की सप्लाई चेन और खरीदारों की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने शनिवार को बताया कि भगवानपुरा थाना क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिकलीगर समुदाय का एक युवक अवैध हथियार बेचने के लिए निकलने वाला है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह लौवंशी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर पिपल्या बावड़ी रोड पर घेराबंदी की गई।
पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने का प्रयास करने लगा लेकिन उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम राजपाल सिंह गुरबचन सिंह सिकलीगर (21) निवासी नवलपुरा बताया। उसके बैग की तलाशी लेने पर 10 देशी पिस्टल और सात अतिरिक्त मैगजीन बरामद हुईं। आरोपी को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को आज न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से उसका पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है। उसने पुलिस को बताया कि वह उक्त हथियार बड़वानी जिले के वरला थाना क्षेत्र के उमरठी ग्राम से लाया था।
एक अन्य कार्रवाई में खरगोन जिले की खलटाका चौकी पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मथुरा निवासी सुमित पांचाल (20) को अवैध हथियारों के परिवहन के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि सेंधवा से इंदौर जा रही बस में एक व्यक्ति हथियार लेकर यात्रा कर रहा है। इसके बाद पुलिस ने बस को रोककर तलाशी ली, जिसमें आरोपी के बैग से दो देशी पिस्टल और एक अतिरिक्त मैगजीन बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपी सुमित पांचाल के खिलाफ हरियाणा में आर्म्स एक्ट और मारपीट का एक मामला पहले से दर्ज है। दोनों मामलों में पुलिस अवैध हथियार तस्करी के नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित