खरगोन , अक्टूबर 17 -- मध्य प्रदेश के खरगोन जिला जेल से शुक्रवार शाम 23 वर्षीय कैदी अरुण धुर्वे फरार हो गया। मेनगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

जेल अधीक्षक की ओर से 16 अक्टूबर की रात्रि को मेन गांव थाना प्रभारी को भेजे गए पत्र के अनुसार, अरुण धुर्वे (23), पिता गणेश धुर्वे, निवासी इंदिरा नगर, खरगोन को विशेष प्रकरण में सात अक्टूबर 2026 को 20 साल के कारावास की सजा सुनाई गई थी। उस पर नाबालिग लड़की को अपहरित कर बंधक बनाने और यौन शोषण से संबंधित मामला था।

पत्र के अनुसार, शुक्रवार शाम बंदी वार्ड में गिनती के दौरान एक कैदी कम मिला। जेल कर्मियों ने परिसर में तलाश के साथ सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में शाम करीब 6.14 बजे अरुण शौचालय की छत पर चढ़कर वहां से कूदता और जेल गेट के पश्चिम में स्थित बाहरी दीवार फांदकर भागता दिखा।

केंद्रीय जेल बड़वानी की अधीक्षक शैफाली तिवारी ने आज खरगोन जेल का निरीक्षण किया। जेल प्रशासन की शिकायत पर मेंगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर कैदी की तलाश के लिए टीमें रवाना की हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित