नयी दिल्ली , जुलाई 02 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और सिक्किम में आयी विनाशकारी बाढ़ एवं भूस्खलन की स्थिति पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार द्वारा बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा से लोगों की सुरक्षा के लिए अपने वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाते हुए गुरूवार को कहा कि सरकार को पीड़ित परिवारों की मदद करने के लिए पीएम केयर्स फंड का उपयोग करना चाहिये। उनका कहना है कि इस आपदा में कई लोगों की जान गयी है और हजारों परिवार विस्थापित होकर भारी कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। उनकी पार्टी इस त्रासदी से प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति के साथ मजबूती से खड़ी है।

श्री खरगे ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि पूर्वोत्तर के राज्यों को बाढ़ मुक्त बनाने के संबंध में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की 'डबल इंजन' सरकारों द्वारा किए गए वादे पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाढ़ हर वर्ष आने वाली समस्या बन गई है, लेकिन इससे निपटने के लिए पर्याप्त तैयारी और दीर्घकालिक उपाय नहीं किए गए।

उन्होंने केंद्र सरकार से प्रधानमंत्री केयर्स फंड का तत्काल उपयोग कर प्रभावित परिवारों को पर्याप्त मुआवजा, व्यापक पुनर्वास और निरंतर राहत उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार इस आपदा को केवल एक सामान्य राहत अभियान के रूप में नहीं ले सकती है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे सशस्त्र बलों, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की सराहना करते हुए कहा कि मानवीय संकट की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त कर्मियों, संसाधनों और वित्तीय सहायता की तत्काल व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि बचाव अभियान तेज हो, क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे का पुनर्निर्माण हो सके और कोई भी प्रभावित परिवार सहायता से वंचित न रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित