नयी दिल्ली , जुलाई 16 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर संसद में परिसीमन विधेयक सहित अन्य संशोधित प्रस्तावों पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग दोहराई है।

श्री खरगे ने गुरुवार को श्री मोदी को लिखे पत्र में कहा कि उन्होंने मार्च और अप्रैल में संसदीय कार्य मंत्री को किरण रिजिजू को पत्र लिखकर सरकार से परिसीमन संबंधी प्रस्तावों पर सर्वदलीय बैठक बुलाने का अनुरोध किया था लेकिन उनके इन अनुरोधों पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इसके बाद 17 अप्रैल को लोकसभा में 'संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 2026' आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका और स्पष्ट अंतर से पारित होने में विफल रहा। उन्होंने सरकार को सलाह दी है कि इस विषय पर व्यापक राजनीतिक सहमति के बिना आगे बढ़ना उचित नहीं होगा।

श्री खरगे ने प्रधानमंत्री को लिखा अपना पत्र सोशल मीडिया पर साझा किया और कहा कि उन्होंने एक बार फिर श्री मोदी से आग्रह किया है कि सरकार को परिसीमन संबंधी संशोधित प्रस्तावों और अन्य मुद्दों पर सभी राजनीतिक दलों के साथ व्यापक चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित