नयी दिल्ली , अगस्त 13 -- राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने हल्द्धानी में उनकी रैली के बाद मंच का 'शुद्धिकरण' किये जाने का मुद्दा गुरुवार को सदन में उठाया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की ,वहीं सदन के नेता जगत प्रकाश नड्डा ने इसकी निंदा की और कहा कि इसकी तहकीकात करायी जायेगी।

श्री खरगे ने सदन की कार्यवाही शुरू होते ही यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि वह हल्द्धानी के रामलीला मैदान में रैली करने गये थे । रैली में लाखों लोग मौजूद थे और उन्होंने लोगों की समस्याओं पर बात की लेकिन बड़े दुख की बात है कि यह पता चला कि बाद में भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने हवन करके उस मंच का 'शुद्धिकरण' किया। उन्होंने कहा कि वह दलित हैं लेकिन वह एक संवैधानिक पद पर रहते हुए इस सदन के नेता विपक्ष हैं। इस पर श्री नड्डा ने कहा कि यह दुखदायी विषय है और यह केवल कांग्रेस नहीं बल्कि पूरे देश का मामला है। उन्होंने कहा कि यह कहा गया है कि ये भाजपा के लोग थे। उन्होंने कहा कि भाजपा इस तरह की गतिविधियों का समर्थन नहीं करती और हम इसकी जांच करेंगे।उन्होंने कहा कि वह स्पष्ट करना चाहते हैं कि भाजपा इसकी निंदा करती है और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष यहां बैठे हैं वह भी इस मामले को देखेंगे। उन्होंने कहा कि आपकी भावनाओं को चोट पहुंची है उस पर हमें खेद हैं।

श्री खरगे ने कहा कि वह इसे इसे राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाना चाहते। उन्होंने कहा कि वह दलित हैं लेकिन कभी किसी के सामने गिड़गिड़ाये नहीं और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका अपमान किया गया है।

इस पर नेता सदन ने कहा कि वह पहले ही कह चुके हैं कि भाजपा इसका समर्थन नहीं करती, यह देश के लिए खेद का विषय है और इस मामले को सनसनीखेज न बनायें। उन्होंने कहा ," मुझे भी उतना ही दुख है। हम इसकी जांच करेंगे। दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। हम इनकी भावना का सम्मान करते हैं।"श्री खरगे ने कहा कि वह मांग करते हैं कि यह काम करने वाले लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित