नयी दिल्ली , अगस्त 19 -- कांग्रेस ने दिल्ली विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के एक प्रोफेसर की कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को लेकर की गयी टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा है कि इस टिप्पणी ने दलितों के प्रति भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की 'मानसिकता' को उजागर कर दिया है।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर आरएसएस से संबद्ध इस प्रोफेसर की एक समाचार चैनल पर की गयी टिप्पणी को साझा करते हुए कहा कि श्री खरगे को 'गुलामी की मानसिकता' और 'दलित मानसिकता' से जोड़ना उनकी पहचान को जातिगत रूढ़ि तक सीमित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि श्री खरगे देश के प्रमुख दलित नेताओं में हैं और उन्होंने दशकों की सार्वजनिक सेवा तथा अपने राजनीतिक सफर के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।

श्री खेड़ा ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले श्री खरगे के साथ छुआछूत से जुड़ा कथित अपमानजनक व्यवहार किया गया लेकिन भाजपा, आरएसएस या उनसे जुड़े संगठनों ने इसकी निंदा नहीं की। उन्होंने कहा कि दलित नेता को उसकी पहचान के कारण अपमानित किए जाने पर चुप्पी साध ली जाती है, जबकि उसके अपने राजनीतिक अधिकार का इस्तेमाल करने पर उसकी 'मानसिकता' पर सवाल उठाए जाते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित