जयपुर , अगस्त 13 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संबोधन के बाद उसी मंच पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के लोगों द्वारा तथाकथित हवन-पूजा कराया जाना बेहद शर्मनाक और निंदनीय है, जो यह एक बार फिर भाजपा-आरएसएस की दलित विरोधी सोच को बेनकाब करता है।
श्री गहलोत ने गुरुवार को अपने बयान में यह बात कही। उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, इस देश के करोड़ों गरीबों, दलितों, शोषितों और वंचितों का अपमान है। भाजपा-आरएसएस आज भी उसी संकीर्ण मानसिकता में जी रही है, जिसे बाबा साहेब डाॅ भीमराव अंबेडकर ने संविधान के जरिए तोड़ा था।
उन्होंने कहा कि देश बाबा साहेब के संविधान से चलेगा, भाजपा-आरएसएस की जातिवादी सोच से नहीं। इस ओछी और घृणित मानसिकता के खिलाफ श्री खरगे एवं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में हमारी लड़ाई पूरी मजबूती से जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित