रायपुर , अक्टूबर 26 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिहार की राजधानी पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके दिवंगत पिता को लेकर की गई टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई है। मुख्यमंत्री ने इसे राजनीतिक मर्यादा के विरुद्ध बताते हुए खरगे से देश के समक्ष सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, "राजनीतिक हताशा में कांग्रेस अब भाषा की मर्यादा और भारतीय संस्कारों की सीमाएं भी लांघने लगी है। आज पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वर्गीय पिताजी पर घृणित और अमर्यादित टिप्पणी घोर निंदनीय और शर्मनाक है। प्रधानमंत्री का विरोध करते-करते उनके दिवंगत पिता को निशाना बनाना कांग्रेस की गिरती राजनीतिक सोच और वैचारिक दिवालियेपन को उजागर करता है।"उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक विरोध के दौरान व्यक्तिगत टिप्पणियां करने का आरोप लगाते हुए कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति राजनीतिक द्वेष में कांग्रेस जिस स्तर तक उतर रही है, उसे पूरा देश देख रहा है। जनता इस संस्कारहीन ओछी राजनीति को भली-भांति पहचान चुकी है। जब-जब कांग्रेस ने ऐसी घृणित भाषा अपनाई, जनता ने उन्हें करारा जवाब दिया। इस बार भी वही होगा। जनता ऐसी राजनीति को न भूलेगी, न स्वीकार करेगी और समय आने पर अपने लोकतांत्रिक अधिकार से इसका करारा जवाब देगी।"मुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा कि राजनीतिक विरोध की आड़ में इस प्रकार की अभद्र टिप्पणी करना कांग्रेस की गिरती सोच और संस्कारहीन राजनीति का प्रमाण है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग दोहराई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित