नयी दिल्ली , अक्टूबर 25 -- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिवंगत पिता के प्रति की गई टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उन्हें स्तब्धता और पीड़ा हुई है।

श्री सिंह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर रविवार को एक पोस्ट में कहा कि पहले कांग्रेस के कुछ नेता और कार्यकर्ता प्रधानमंत्री की साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि का मजाक उड़ाते थे और उनकी मां के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अब इस तरह की राजनीति कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच गई है।

उन्होंने कहा कि जब किसी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व ही भाषा की मर्यादा भूल जाए, तो उसके कार्यकर्ताओं से शालीनता की अपेक्षा कैसे की जा सकती है।

श्री सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति का स्तर लगातार गिर रहा है। वैचारिक विरोध को व्यक्तिगत अपमान में बदलना, राजनीतिक असहमति को अभद्र भाषा तक ले जाना और प्रधानमंत्री के परिवार को निशाना बनाना कांग्रेस की हताशा और वैचारिक शून्यता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि यह केवल किसी व्यक्ति या परिवार का अपमान नहीं, बल्कि भारतीय राजनीति की गरिमा पर भी प्रहार है।

श्री सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की नीतियों पर सवाल उठाना और उसकी आलोचना करना उचित है, लेकिन व्यक्तिगत मर्यादाओं का उल्लंघन नहीं किया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित