श्रीगंगानगर , जुलाई 07 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के केसरीसिंहपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को सड़क दुर्घटना में समाजसेवी एवं ईंट भट्ठा व्यवसायी अनिल चलाना (63) और उनकी पत्नी पुष्पारानी (62) की मौत हो गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पति-पत्नी कार द्वारा श्रीगंगानगर की ओर से केसरीसिंहपुर लौट रहे थे। उधमसिंह चौक के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में एक अन्य वाहन से बचाने के प्रयास में उनकी कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से के नीचे जा घुसी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये।
सूत्रों ने बताया कि आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को कार से बाहर निकाला और स्थानीय राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान पुष्पारानी ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अनिल चलाना को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीगंगानगर भेज दिया गया। श्रीगंगानगर में इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित