बैतूल , अगस्त 14 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शुक्रवार को बैतूल विकासखंड के ग्राम खड़ला स्थित शासकीय एकीकृत प्राथमिक शाला एवं आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। स्कूल परिसर में जर्जर भवन मिलने पर उन्होंने उसे तत्काल डिस्मेंटल करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अव्यवस्थित शौचालय और परिसर में गंदगी मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई तथा अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने सब इंजीनियर और प्राचार्य को विद्यालय की मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने तथा सरपंच एवं सचिव को परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा।

स्कूल प्राचार्य ने परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा शराब पीने की शिकायत भी कलेक्टर से की। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार एवं कोटवार को ऐसे लोगों को चिन्हित कर नामजद बाउंड ओवर की कार्रवाई करने तथा उनके विद्यालय परिसर में प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने को भी कहा।

कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों की संख्या, शिक्षा, प्रतिदिन दिए जाने वाले भोजन और कुपोषित बच्चों की स्थिति की जानकारी ली। पेयजल के टूटे नल देखकर उन्होंने सुपरवाइजर को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों से संवाद किया और उन्हें बिस्किट एवं मिठाई वितरित की।

इसके बाद उन्होंने शासकीय एकीकृत प्राथमिक-माध्यमिक शाला खड़ला का निरीक्षण कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता परखी। उन्होंने बच्चों से देश की प्रमुख नदियों, उनके उद्गम स्थल, बैतूल की प्रमुख नदी और महाद्वीपों से संबंधित प्रश्न पूछे।

विद्यालय की छत और दीवारों में सीपेज मिलने पर कलेक्टर ने पंचायत सचिव को शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एनएमएस परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी पर ध्यान देने को कहा। साथ ही पर्याप्त विद्युत व्यवस्था और विद्यार्थियों के लिए बेंच उपलब्ध कराने के निर्देश प्राचार्य, सरपंच एवं सचिव को दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित