नैनीताल , फरवरी 16 -- उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृहनगर खटीमा में प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के चुनाव में हंगामे के बाद मतगणना रोके जाने एवं मतपेटियों को सील करने के मामले में सोमवार को सुनवाई करते हुए राज्य सरकार समेत उप जिलाधिकारी (एसडीएम) को नोटिस जारी कर 25 मार्च तक जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं।
खटीमा व्यापार मंडल अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अमन अरोड़ा की याचिका पर न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की पीठ में सुनवाई हुई।
याचिकाकर्ता की ओर से कहा गया कि कुछ दिन पहले खटीमा व्यापार मंडल के लिए चुनाव हुए। मतगणना में विवाद के बाद उपजिलाधिकारी ने मतगणना रोक दी और मतपेटियों को सील कर दिया।
आगे कहा गया कि मतगणना अंतिम चरण में थी और एसडीएम ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर मतगणना कार्य को रोका है। यह नियम विरुद्ध है।
याचिकाकर्ता की ओर से अदालत से प्रार्थना की गई है कि जल्द से जल्द मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाए। इस मामले में अगली सुनवाई 25 मार्च को सुनवाई होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित