पटना , मार्च 07 -- बिहार में खगड़िया और भागलपुर के बीच गंगा नदी पर बन रहा 3.16 किमी लंबा फोर लेन पुल नवंबर, 2027 तक पूरा होने की संभावना है, जिससे उत्तर- दक्षिण बिहार के साथ नेपाल से सीधा संपर्क आसान होगा और राज्य में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
बिहार पुल निर्माण निगम के विभागीय सूत्रों के अनुसार, करीब 1,710 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पुल के साथ 20 किमी लंबा पहुंच पथ भी तैयार किया जा रहा है।
यह पुल श्रद्धालुओं के लिये भी काफी लाभकारी साबित होगा। श्रावण मास में लाखों कांवड़िये सुल्तानगंज से गंगा जल लेकर बैद्यनाथ धाम जाते हैं। पुल बनने से उनकी यात्रा अधिक सुगम होगी और समय की भी बचत होगी।
इसके अलावा भागलपुर, खगड़िया और आसपास के जिलों के किसान गन्ना, मक्का, आलू, केला, आम, धान- गेहूं समेत अन्य फसलों का उत्पादन बड़े पैमाने पर करते हैं। पुल बनने से इन कृषि उत्पादों के परिवहन और व्यापार के लिये बेहतर मार्ग उपलब्ध होगा और किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल सकेगा।
पुल के एप्रोच रोड को सुगम बनाने के लिये राष्ट्रीय राजमार्ग- 31 पर पसराहा के पास रेलवे ओवरब्रिज, ट्रैफिक रोटरी और ग्रेड सेपरेटर का भी निर्माण किया जा रहा है। इसके पूरा होने पर खगड़िया, भागलपुर, पूर्णिया और आसपास के क्षेत्रों में जाम की समस्या कम होगी और लोगों को तेज़ तथा बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित