खगड़िया , जुलाई 15 -- बिहार के खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस पर हमला कर सरकारी पिस्तौल और मोबाइल लूटकर भाग रहे अपराधियों के साथ हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया। पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बुधवार को बताया कि बेलदौर थाना क्षेत्र के कुर्बन कचरा भवन के समीप मंगलवार की रात वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। पुलिस द्वारा रोकने पर तीनों ने बहस शुरू कर दी और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मी राहुल कुमार की सरकारी पिस्तौल और मोबाइल फोन छीन लिया तथा फरार हो गए।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद बेलदौर थाना पुलिस, गोगरी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) तथा डीआईयू की संयुक्त टीम ने इलाके में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस को देखते ही आरोपियों ने दोबारा हमला करने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन अपराधियों ने इसे अनसुना कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें मुख्य आरोपी अखिलेश कुमार घायल हो गया। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से छीनी गई सरकारी पिस्तौल और मोबाइल बरामद कर लिया गया है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित