रायपुर , मई 19 -- छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता भुवनचंद्र खंडूरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे राष्ट्रीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

श्री देव ने मंगलवार को जारी शोक संदेश में कहा कि दिवंगत खंडूरी का सार्वजनिक जीवन सादगी, स्पष्टवादिता, शुचिता और कार्यकुशलता का प्रतीक रहा। उन्होंने कहा कि श्री खंडूरी केवल एक कुशल प्रशासक ही नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति समर्पित नेता थे, जिनका जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए श्री खंडूरी ने उत्तराखंड के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण और कठोर निर्णय लिए, जिससे राज्य को नई दिशा मिली। भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी जीरो टॉलरेंस नीति और पारदर्शी कार्यशैली आज भी अनुकरणीय मानी जाती है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे श्री खंडूरी के प्रति जनता, शुभचिंतकों और राजनीतिक सहयोगियों का गहरा स्नेह लगातार देखने को मिला। उन्होंने बाबा केदारनाथ और बदरीविशाल से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों एवं समर्थकों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित