राजनांदगांव , सितंबर 11 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के तुमडीबोड़ क्षेत्र के कांग्रेस नेता आकाश जैन ने जैन धर्म के क्षमा पर्व (संवत्सरी) और गणेश विसर्जन के अवसर पर छत्तीसगढ़ में मांस एवं मदिरा की दुकानों को पूर्ण रूप से बंद रखने की मांग राज्य सरकार से की है।
श्री जैन ने शुक्रवार को कहा कि भगवान महावीर स्वामी ने मानवता को अहिंसा, जीव दया, करुणा और क्षमा का संदेश दिया है। ऐसे पावन अवसर पर मांस और मदिरा की बिक्री जारी रहना धार्मिक भावनाओं के अनुरूप नहीं है। सरकार को समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए इन दिनों मांस एवं मदिरा की दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भगवान महावीर के अहिंसा के संदेश को केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि सरकार के निर्णयों में भी यह भावना दिखाई देनी चाहिए। क्षमा पर्व सभी जीवों के प्रति दया, प्रेम, करुणा और क्षमा का भाव रखने की प्रेरणा देता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित