जाग्रेब , अगस्त 09 -- क्रोएशिया में शनिवार को दो ट्रेनों के बीच हुई टक्कर में कम से कम 20 लोग घायल हो गये। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
यह दुर्घटना राजधानी जाग्रेब से करीब 60 किलोमीटर पूर्व स्थित स्वेती इवान जाब्नो और ग्राडेक रेलवे स्टेशनों के बीच सुबह करीब 10 बजे हुई। जहां यात्री ट्रेन और मालगाड़ी के बीच जबरदस्त टक्कर हो गयी। यात्री ट्रने में 27 लोग सवार थे।
अधिकारियों के अनुसार, हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि 14 अन्य को मामूली चोटें आयी हैं। घायलों को बेलोवार और कोप्रिव्नित्सा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि बाद में कुछ घायलों को जाग्रेब के चिकित्सा केंद्रों में स्थानांतरित किया गया।
एक युवती को गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया है, हालांकि उसकी हालत स्थिर बतायी गयी है।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन का मलबा और रेलवे लाइन के पास यात्री बैठे तथा खड़े दिखाई दे रहे हैं। यात्री ट्रेन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। उसका ऊपरी हिस्सा मुड़ गया और बाहरी हिस्से के कई पैनल टूट गए। घटनास्थल पर लाल रंग के मालवाहक डिब्बे और एक इंजन भी दिखाई दे रहे हैं।
कोप्रिव्नित्सा-क्रिजेवत्सी काउंटी के प्रमुख तोमिस्लाव गोलुबिच ने राहत एवं बचाव अभियान में शामिल करीब 50 दमकलकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने एक स्थानीय लोगों की भी विशेष रूप से सराहना की, जो अपने निजी फोर्कलिफ्ट के साथ सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे और बचावकर्मियों को घायलों तक पहुंचने में मदद की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित