श्रीगंगानगर , जून 17 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के जवाहरनगर थाना क्षेत्र में एक युवती साइबर ठगी का शिकार हो गयी और उसके दो लाख 40 हजार रुपये बैंक खाते से निकल गये।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि जवाहरनगर निवासी मेघा बंसल को एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक की ओर से पिछले महीने क्रेडिट कार्ड भेजा गया था। क्रेडिट कार्ड को सक्रिय करने के लिए शातिर ठग ने फोन करके मेघा बंसल के मोबाइल फोन को हैक कर लिया। इसके बाद ठग ने एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक में उसकी एफडीआर तोड़कर कुछ ही देर में दो लाख 40 हजार रुपए उड़ा लिये।
जैसे ही रुपए निकालने का संदेश आया युवती के पिता गौरीशंकर बंसल पुत्री को लेकर तुरंत बैंक में गये निकासी रुकवा दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेघा बंसल अपने बैंक अकाउंट के आधार पर क्रेडिट कार्ड लेना ही नहीं चाहती थी, लेकिन बैंक की ओर से लगातार क्रेडिट कार्ड लेने के लिए फोन कॉल आने पर उसने सहमति दे दी। पिछले महीने उसे डाक द्वारा क्रेडिट कार्ड प्राप्त हुआ, लेकिन उसने सक्रिय नहीं करवाया। आठ जून की दोपहर को अज्ञात व्यक्ति ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर क्रेडिट कार्ड को सक्रिय करने के लिए कहा। मेघा बंसल उसकी बातों में आ गयी और रकम गंवा बैठी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित