भरतपुर , नवम्बर 04 -- मध्य प्रदेश के कूनो अभयारण्य से निकलकर एक चीता तीसरी बार राजस्थान में करौली जिले के मंडरायल क्षेत्र के जंगलों में पहुंच गया।
वन विभाग के सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मंगलवार देर रात चंदेलीपुरा के जंगलों में उसकी मौजूदगी सामने आते ही वनकर्मियों ने झाड़ियों में छिपे चीते का वीडियो भी बनाया।
सूत्रों ने बताया कि चीते की मौजूदगी की जानकारी कूनो अभयारण्य के अधिकारियों को दिए जाने के बाद मध्य प्रदेश और करौली वन विभाग के दल मौके पर पहुंच गये। दोनों राज्यों के दल चीते की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहे हैं ताकि उसके स्थान और गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। फिलहाल चीते की गतिविधि सरमथुरा के झिरी क्षेत्र में बताई जा रही है। सूचना मिलने पर मंडरायल पुलिस भी मौके पर पहुचीं। सूत्रों के अनुसार मंडरायल का वातावरण और भौगोलिक परिस्थितियां चीते के अनुकूल हैं। चीता बड़े क्षेत्र में घूमने का आदी होता है। इसी वजह से वह बार-बार मंडरायल के जंगलों की ओर आ रहा है। कूनो अभयारण्य से निकलकर उसके तीसरी बार इस क्षेत्र में पहुंचने से वन विभाग अचंभित भी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित